चकेरी थानाक्षेत्र के अहिरवां में चौदह साल पहले बनी सड़क के गड्ढ़े राहगीरों को दर्द देने के साथ अब जान भी ले रहे है। शुक्रवार देर रात युवक की बाइक का पहिया गड्ढ़े में फंसकर उछलकर तो चालक दूर जा गिरा। गंभीर अवस्था में वह मदद के लिए कुछ दूर तक घिसटता रहा और फिर बेसुध हो गया। सूचना पर पहुंची चकेरी पुलिस ने उसे अस्पताल भेजा। जहां उसकी मौत हो गई। हादसे के वक्त वह हेलमेट नहीं लगाए था। मूलरूप से बहराइच रानीपुर के आनंदपुर कटघरा निवासी रवींद्र सिंह का बेटा सुग्रीव (30) शहर में कमाने आया था। वह चकेरी के सनिगवां स्थित ज्ञाननगर में बुआ के घर में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था। सुग्रीव के परिवार में पत्नी नीतू और दो बेटे प्रिंस व कृष्णा हैं। भाई निखिल ने बताया कि सुग्रीव शुक्रवार रात करीब 11.30 बजे बाइक लेकर काम के सिलसिले में निकला था। वह अहिरवां स्थित गुप्ता चौराहा सजारी मोड़ होते हुए मथुरापुर गांव के पास पहुंचा, तभी हादसा हुआ।