रिंग रोड निर्माण में बाधा बने 14 और मकानों को शनिवार को पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी से ढहाया गया। अभी तक मुआवजा राशि खाते में न पहुंचने पर लोगों ने विरोध किया। इस पर एक सप्ताह में खाते में मुआवजा राशि पहुंचने का आश्वासन देकर शांत कराया गया। एनएचएआई की ओर से रिंग रोड का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। हाजीपुर के अंतर्गत आने वाले सभी गांव के आसपास पिलर खड़े कर दिए गए है। अब फत्तेपुर के मोहल्ला आनंद पुरम (द्वितीय) के 39 मकानों को हटाया जाना है। पहले चरण के अभियान में पांच, दूसरे में छह व शनिवार को तीसरे चरण में 14 खाली मकान ढहाए गए। इन भवन स्वामियों को मुआवजा राशि दी जा चुकी है। वहीं, कुछ लोग मुआवजा राशि न मिलने को लेकर विरोध करने लगे। इस पर आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया गया। इस दौरान कई लोग अपने मकानों को खाली भी करते रहे। नायब तहसीलदार धीरज त्रिपाठी ने बताया कि शेष 14 मकान मालिकों के खाते में भी एक सप्ताह के अंदर मुआवजा राशि पहुंच जाएगी। सभी को सर्किल रेट के अनुसार ही मुआवजा राशि दी जा रही है। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार अनुपमा सेंगर, राजस्व निरीक्षक मोहम्मद अमीन, लेखपाल, प्रशांत अवस्थी, आशू श्रीवास्तव, मनोज यादव, अरूण भारती, अशोक सैनी, पंकज मिश्रा और एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।