छठ पूजा शुरू होने में कुछ ही घंटे बचे हैं। पूरे उत्तर प्रदेश में इसकी व्यापक तैयारियां अंतिम रूप ले रही हैं। शुक्रवार शाम को प्रयागराज में गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती नदियों के संगम पर कार्यकर्ता तैयारियों को अंतिम रूप देने में व्यस्त थे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खास रोशनी की गई है और जमीन समतल की गई है। इसी तरह, कानपुर में पनकी नहर के किनारे श्रद्धालु 'वेदियां' तैयार करने में व्यस्त थे, जो छठ के दौरान पूजा की मुख्य जगह होती है।
गाजियाबाद में हिंडन नहर के किनारे भी तैयारियां जोरों पर थीं। हालांकि घाट पर ज्यादातर तैयारियां हो चुकी थीं, फिर भी लोगों का कहना था कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए काफी कुछ करना बाकी है।सहारनपुर में भी घाटों को सजाया गया है। प्रशासन ने घाटों की खास सुरक्षा व्यवस्था की है। चार दिन चलने वाली छठ पूजा सूर्य देव को समर्पित है। पूजा शनिवार से शुरू हो रही है। ये त्योहार मुख्य रूप से बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड में मनाया जाता है।