ग्राम मड़ोरी से सैकड़ों श्रद्धालु बुधवार को भगवान श्रीराम की नगरी ओरछा के लिए रवाना हो गए। यात्रा का उद्देश्य ग्राम की पांच कन्याओं के विवाह के लिए परंपरागत ढंग से भात मांगने की रस्म को पूरा करना था। कन्याओं का विवाह पांच फरवरी को होना है। इसी आयोजन को सफल बनाने के लिए भात मांगने को बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे ग्रामीण ढोल-नगाड़ों के साथ ओरछा धाम के लिए निकले। ग्रामीणों ने बताया कि भात मांगने की यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है, जिसमें विवाह से पूर्व भगवान राम से आशीर्वाद लिया जाता है, ताकि कन्याओं का वैवाहिक जीवन सुखमय रहे। समाजसेवी मान खां द्वारा ग्राम की इन कन्याओं के विवाह का संपूर्ण दायित्व उठाया गया है।