थाना नवाबाद के एकता गार्डन के पास से फिल्मी अंदाज में अगवा हुए यश पाठक को बरामद करने के साथ ही पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पंद्रह हजार के इनामिया समेत कार सवार चार अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो बाल अपचारी बताए जा रहे हैं। यश के साथ पैसों के लेनदेन में विवाद की बात बताई जा रही थी लेकिन, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। पुलिस को आशंका है कि सट्टेबाजी में रकम हार जाने से युवक को अगवा किया गया। अब पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है। शनिवार रात करीब 10:35 बजे अपने दोस्तों के साथ लौटते समय नवाबाद के बनिया पुल के पास रहने वाले यश पाठक पुत्र मनोज का थार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया था। उसके दोस्त अभय कुशवाहा ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही अपहरण के आरोप में चिरगांव निवासी अरुण यादव के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इसके बाद से पुलिस अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुटी थी। सोमवार तड़के पुलिस को कार सवार बदमाशों के पैरामेडिकल रोड से कृष्णा रेजिडेंसी के पास मौजूद होने की सूचना मिली। नवाबाद प्रभारी रवि श्रीवास्तव की अगुवाई में पुलिस टीम पहुंच गई। पुलिस टीम के पहुंचने पर आरोपियों ने फायर झोंका दिया लेकिन, पुलिस ने कार को चारोें ओर से घेरकर आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम चिरगांव के बाबरी निवासी अरुण यादव एवं बड़ागांव के बिरगुवा निवासी हर्ष यादव बताया। कार के अंदर से यश को भी बरामद कर लिया गया। दो बाल अपचारी भी पकड़े गए।