नवाबाद थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात एक रेस्टोरेंट के भीतर खाना खा रहे युवक को अज्ञात हमलावर ने कनपटी से सटाकर गोली मार दी। वारदात के बाद रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को गंभीर हालत में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। सूचना पर एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, फॉरेंसिक टीम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, गुरसराय निवासी संजय सिंह अपने चार साथियों के साथ इलाइट से सीपरी बाजार मार्ग स्थित कॉम्प्लेक्स के ग्राउंड फ्लोर पर बने द मैड किचन रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। रात करीब नौ बजे सभी खाना खा रहे थे। तभी एक अज्ञात युवक तेजी से रेस्टोरेंट के भीतर आया और संजय की कनपटी से तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली सिर में फंस गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज से रेस्टोरेंट में भगदड़ मच गई। संजय के साथियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। सूचना मिलते ही नवाबाद थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। खबर लिखे जाने तक हमले के कारण स्पष्ट नहीं हो सके थे। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना के बाद पुलिस ने रेस्टोरेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर बाइक से आए थे। एक आरोपी रेस्टोरेंट के अंदर गया, जबकि दूसरा बाहर बाइक पर इंतजार करता रहा। पुलिस उनके आने-जाने के रूट और पहचान का पता लगाने में जुटी है। गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि संजय सिंह अपने चार साथियों के साथ खाना खाने आया था। इसी दौरान एक हमलावर ने कनपटी से सटाकर गोली मारी और दूसरे रास्ते से फरार हो गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नवाबाद थाना पुलिस, साइबर सेल, स्वॉट टीम समेत कई टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। अधिवक्ता के यहां करता है मुंशी का काम संजय सिंह एलएलबी का छात्र है। वह कचहरी में एक अधिवक्ता के यहां मुंशी का काम भी करता है। वर्तमान में वह सीपरी बाजार क्षेत्र के नंदनपुरा में रहकर पढ़ाई कर रहा है। पुलिस हमले के पीछे की वजह और आरोपियों की तलाश में जुटी है।