आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने पूर्व सांसद धनंजय सिंह, उनके परिवार और बर्खास्त सिपाही आलोक प्रताप सिंह का वोटर लिस्ट में एक ही मकान संख्या होने का दावा किया है। उन्होंने इस मामले की जांच कराने की मांग की है। पूर्व आईपीएस ने इसके लिए मुख्य सचिव और डीजीपी को शिकायती पत्र भी भेजा है। उन्होंने कहा है कि उन्हें जौनपुर के 367 विधानसभा क्षेत्र मल्हनी के अनुभाग संख्या एक बनसफा का बताया गया वोटर लिस्ट प्राप्त हुआ है। इसमें क्रम संख्या 115 पर धनंजय सिंह के भाई जितेंद्र सिंह, 116 पर उन की पत्नी श्रीकला सिंह और 118 पर धनंजय सिंह का नाम अंकित दिखता है। इस वोटर लिस्ट के क्रम संख्या 120 पर आलोक प्रताप सिंह लिखा हुआ है, जो बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह बताए गए हैं।