जालौन जिले के एट नगर में उस वक्त धार्मिक और सियासी हलचल तेज हो गई, जब अपने अल्प प्रवास पर पहुंचे ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने गोवंश के संरक्षण को लेकर एक बड़ा और ऐतिहासिक बयान दे दिया। नगर के मुखिया गार्डन में आयोजित भव्य स्वागत समारोह के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए शंकराचार्य ने दो टूक कहा कि सनातन धर्म में गोमाता का स्थान सर्वोपरि है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जनता को सीधे तौर पर संकल्प दिलाया कि जो भी राजनीतिक दल या पक्ष गोमाता को 'राष्ट्रमाता' घोषित करने की दिशा में ठोस कार्य करेगा, सनातन समाज आगामी चुनाव में खुलकर उसी का समर्थन करेगा।