नगर पालिका परिषद उरई के सफाई कर्मी संतोष के साथ सोमवार सुबह वार्ड संख्या 13 में कूड़ा संग्रहण के दौरान कुछ लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया। घटना से नाराज नगर पालिका के सफाई कर्मचारी बड़ी संख्या में उरई कोतवाली पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी कूड़ा संग्रहण गाड़ियों को कोतवाली के बाहर खड़ा कर दिया, जिससे सड़क पर यातायात प्रभावित हो गया और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। सफाई कर्मचारियों ने दोषियों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों से वार्ता कर उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। जानकारी मिलने पर कर्मचारियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और गाड़ियों को हटाकर जाम खुलवा दिया। इसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई।