विकास खंड अहिरोरी के बरखेड़ा में 1.60 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन वृहद गो संरक्षण केंद्र की दो सदस्यीय टीम तकनीकी जांच करेगी। सीडीओ सौम्या गुरूरानी को बृहस्पतिवार निरीक्षण में जंक लगी सरिया प्रयोग में लाई जाती मिली। काम की गुणवत्ता की जांच के लिए सीडीओ ने मौके पर ही टीम गठित कर दी। सीडीओ ने ब्लाक कार्यालय, वृहद गो संरक्षण केंद्र, पशु आश्रयस्थल और आरआरसी (रिकवरी रिर्सोस सेंटर) का निरीक्षण किया। बरखेड़ा में यूपीसीएलडीएफ की ओर से बनवाए जा रहे वृहद गो संरक्षण केंद्र में जंक लगी सरिया उपयोग में लाई जाती मिलीं। सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी सीडीओ ने आशंका जाहिर की। उन्होंने काम की तकनीकी जांच के लिए लोक निर्माण विभाग और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता को जांच टीम में नामित किया है। बताया कि कार्यदायी संस्था के कार्यप्रभारी अवर अभियंता राकेश दुबे वृहद गो संरक्षण केंद्र के स्वीकृत वर्ष तक की जानकारी नहीं दे पाए। योजनाओं की समीक्षा की।