साहब! अखबार में पढ़ा है कि आप पीड़ित को तत्काल न्याय दिलाते हैं। डीएम मंगला प्रसाद सिंह से मुलाकात में तहसील बिलग्राम के धोंधी गांव निवासी 94 वर्षीय शिवकरन द्विवेदी ने कहा कि इसी उम्मीद से आए हैं। गांव के कुछ लोगों ने खेत पर कब्जा कर रखा है। तहसील के जिम्मेदार भी पैमाइश नहीं कर रहे हैं। बुधवार को कलक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान धोंधी निवासी बुजुर्ग शिवकरन द्विवेदी डगमगाते पग से कंपकंपाते हाथ में प्रार्थना पत्र व पर्ची लेकर डीएम से मुलाकात के लिए पहुंचे। डीएम ने बुजुर्ग को मेज के पास कुर्सी पर बिठाकर खेत के कागज और नक्शा देखा। 21 दिसंबर और 23 जनवरी की शिकायत पर दी गई रिपोर्ट देखी। इसमें लेखपाल ने लिखा था कि विपक्षी की सहमति नहीं है, इसलिए पैमाइश नहीं की जा सकती। शिकायतकर्ता को मुकदमा करना चाहिए।