प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि संभल में कोई दंगा नहीं हुआ था। हर कोई जानता है कि सपाइयों की आपसी लड़ाई में माहौल बिगड़ा था। समाजवादी पार्टी में गुंडे, दंगाई और माफिया होते हैं। अखिलेश यादव मुआवजा और प्रतिनिधिमंडल भेजने की नौटंकी कर रहे हैं। पांच लाख रुपये की जगह पांच करोड़ रुपये दे दें। कहा कि यह सपा मुस्लिम तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति का नया मॉडल है। संडीला में एमएलसी अशोक अग्रवाल के विद्यालय में वार्षिकोत्सव में शामिल होने आए उपमुख्यमंत्री ने पत्रकारों के सवालों पर कहा कि उपचुनाव में मिली करारी पराजय से अखिलेश यादव को मिर्ची लग गई है। अखिलेश उस जख्म को सहला नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अखिले श यादव और उनकी तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति को नकार चुकी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को अब न सिर्फ हिंदुओं बल्कि मुसलमानों का भी भरपूर वोट मिल रहा है।