नगर के इंदिरा पार्क में पानी की टंकी के पाइप का लिकेज सही करते समय मंगलवार को वाल्व फट गया। इसके कारण तेज दबाव वाला पानी फब्बारे की तरह तेजी से उठा और आस पास जलभराव हो गया। दबाव की आवाज से मौके पर अफरा तफरी मच गई और लोगों की भीड़ लग गई। इसके कारण 400 परिवारों के 12 हजार लोगों की पेयजल की आपूर्ति भी ठप हो गई। इंदिरापार्क परिसर में पानी की टंकी बनी है। इस टंकी से नवाबगंज पूर्वी और पश्चिमी, सरॉय मुल्लागंज, मिर्जापुर समेत लगभग चार परिवारों को पानी की आपूर्ति की जाती है। मंगलवार सुबह पानी की आपूर्ति का समय खत्म होने के बाद ऑपरेटर शमशुल पाइप लाइन के लीकेज को ठीक कर रहे थे। इसी दौरान पानी के तेज दबाव से बॉल्व की प्लेट फट गई। इसके कारण पानी का तेज फव्वारा निकल पड़ा और कुछ ही देर में आस पास के मार्गाें पर पानी भर गया। पानी के तेज दबाव की आवाज सुनकर आस पास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना के दौरान ऑपरेटर ने किसी तरह खुद को संभाल लिया। इसके बाद पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई। जानकारी पर अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे। बतायाकि पाइप लाइन का बॉल्व लीक हो गया था। इसके कारण अचानक पानी प्रेशर के साथ निकल गया। बाल्व की मरम्मत कराई जा रही है। जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति शुरू कराने की कोशिश की जा रही है।