कछौना कोतवाली क्षेत्र के सिपहिया गांव में सेक्टर समीक्षा बैठक कर रहे बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत दो लोगों को सीबीआई की लखनऊ टीम ने उठाया है। दोनों को एक कार से बालामऊ जंक्शन की आवासीय कॉलोनी में ले जाकर पूछताछ की गई। बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष से खबर लिखे जाने तक पूछताछ की जा रही थी। मामला बैंक से किए गए फ्रॉड से जुड़ा बताया गया है। कछौना के रेलवेगंज निवासी सुरेश चौधरी बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हैं। उनके सहयोगी नगर पंचायत के पूर्व सभासद रंजीत राव गौतम ने बताया कि मंगलवार शाम सिपहिया गांव में बसपा की सेक्टर बैठक चल रही थी। इस दौरान एक लग्जरी कार सवार कुछ लोग आ गए। इन लोगों ने खुद को सीबीआई टीम का सदस्य बताया। वहां से उन्हें और पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी को अपनी कार में बैठा लिया। वजह पूछने पर रास्ते में बताने की बात कही। इसके बाद सीबीआई टीम दोनों को लेकर बालामऊ जंक्शन पहुंची। यहां सुरेश चौधरी से टीम पूछताछ कर रही है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक सुरेश चौधरी का नाम एक बैंक में हुए कई करोड़ रुपये के फ्रॉड में सामने आया है। इसीलिए उनसे पूछताछ की जा रही है। रंजीत राव गौतम से कोई खास पूछताछ नहीं हुई है और पकड़े जाने के कुछ देर बाद ही वह बालामऊ जंक्शन की आवासीय इमारत से बाहर आ गए। पुलिस महकमे से जुड़े विश्वस्त सूत्रों ने अनौपचारिक तौर पर बताया कि सीबीआई की टीम ने सुरेश चौधरी को उठाया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।