सड़क दुर्घटना के एक मामले में कोतवाली गए वाजिद नगर के प्रधान के साथ बदसलूकी का आरोप लगाकर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली का घेराव किया। लगभग ढाई घंटे तक चले हंगामे के बाद सीओ शाहाबाद अनुज मिश्रा के आश्वासन पर कार्यकर्ता शांत हुए। वाजिदनगर के प्रधान राजेश कुमार हैं। वह अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखते हैं। बीती पांच फरवरी की रात साढ़े दस बजे राजेश पिहानी कोतवाली में दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए घायल मनोज और उसके परिजनों के साथ गए थे। राजेश का आरोप था कि इस दौरान कोतवाली में तैनात एक उपनिरीक्षक ने उनके साथ अभद्रता की। घटना की शिकायत होने पर सीओ हरियावां संतोष सिंह ने पूरे मामले की जांच की। जांच में उपनिरीक्षक को क्लीनचिट दे दी गई। इससे नाराज भीम आर्मी के जिला संयोजक करन वर्मा बृहस्पतिवार को स्थानीय कमेटी और कार्यकर्ताओं समेत त्रिरत्न बुद्ध विहार पहुंचे।