वर्ष 2025 के शुरुआती 59 दिनों में जिले में 203 सड़क हादसे हो चुके हैं। इन हादसों में 101 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले कुछ वर्ष के जनवरी और फरवरी के आंकड़ों पर निगाह दौड़ाएं तो पता चलता है कि इस बार के आंकड़े न सिर्फ हैरान करने वाले हैं बल्कि डराने वाले भी हैं। 59 दिनों में हुई दुर्घटनाओं में 101 लोगों की मौत हुई और इनमें से 83 फीसदी लोगों की मौत सिर में गंभीर चोटें आने से हुई। मतलब यह कि हेलमेट न लगाए होने के कारण जान चली गई।जिले में यातायात नियमों का पालन कराने की कवायद लंबे समय से चल रही है। हेलमेट न लगाए होने पर वाहनों का चालान , सीट बेल्ट न बांधने पर कार चालक का चालान और ओवर लोडिंग करने पर ई-रिक्शा - ऑटो का चालान किया जा रहा है। इसके बावजूद हादसों में कमी नहीं आ रही है। दरअसल काफी प्रयासों के बाद भी बाइक सवार हेलमेट का इस्तेमाल करने को लेकर जागरूक नहीं हैं।