पिलखुवा। थाना क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर देहपा स्थित बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार डंपर ने महिला को रौंद दिया। इसमें महिला की मौत हो गई। जबकि पुत्रवधु बाल-बाल बच गई। दुर्घटना देख आक्रोशित भीड़ ने डंपर को पकड़ लिया। दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
जिला अमरोहा के गांव निरावली भूड़ निवासी माया(50) दो माह पहले अपने तीन पुत्र अशोक, दीपक, बहादुर व पुत्रवधु अंजू के साथ गांव देहपा स्थित डीवी ब्रिक फील्ड भट्टे पर मजदूरी करने आई थी। मंगलवार की दोपहर लगभग 12 बजे वह अपने पुत्रवधु अंजू के साथ सब्जी लेकर भट्टे पर जा रही थीं। गांव हिम्मतपुर देहपा स्थित बस स्टैंड पर पहुंचने पर तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें रौंद दिया। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पुत्रवधु अंजू बाल-बाल बच गईं।
दुर्घटना देख आसपास के लोग एकत्र हो गए और डंपर को पकड़ लिया। जबकि डंपर चालक मौके का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा। थाना प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और डंपर को कब्जे में लेकर थाने ले आए। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
-