हापुड़ में रविवार रात हुई झमाझम बारिश के कारण क्षेत्र के कई हिस्सों में पानी भर गया। कुछ गांव ऐसे रहे, जहां जलभराव के कारण लोगों को भयंकर परेशानी का सामना करना पड़ा। बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव शाहपुर जट्ट में बारिश के दौरान भयंकर जलभराव हुआ। गांव में तीन से दो फिट पानी भर गया। गांव की गलियों के अलावा घरों में भी दो-दो फिट पानी भर गया। घरों में पानी भरने के कारण कई घरों में चूल्हे तक नहीं जल सके। जिसके कारण लोग दोपहर तक भूखे बैठे रहे। ग्रामीणों ने गांव में जल निकासी की बेहतर व्यवस्था न होना इसका कारण बताया। इस दौरान लोगों में काफी रोष दिखाई दिया।