क्षेत्र के गांव अठसैनी में हशुपुर मार्ग पर रास्ते के किनारे खेतों के पास लगे पेड़ों पर शनिवार की शाम तेंदुए को देखकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। युवाओं ने तेंदुए का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसके बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। गांव के ही रहने वाले शादाब और आसिफ शनिवार की शाम घर लौट रहे थे। शादाब ने बताया कि जैसे ही दोनों हशुपुर से गांव की तरफ जाने वाले रास्ते पर खेतों के पास पहुंचे, तो उन्हें जंगली जानवर के गुर्राने की आवाज सुनाई दी। जिसे सुनकर वह डर गए। लेकिन, आसपास उन्हें कोई जानवर दिखाई नहीं दिया। युवक ने बताया कि तलाश करने पर उन्हें सड़क किनारे लगे पेड़ की शाखा पर तेंदुआ बैठा दिखाई दिया। जिसे देख उनके होश उड़ गए। वन विभाग को सूचना देने के साथ ही उन्होंने अपने मोबाइल से तेंदुए का वीडियो भी बना लिया। इसी बीच राहगीर और आसपास के खेतों में मौजूद किसान भी वहां पहुंच गए। जिन्हें देखकर तेंदुए छलांग लगाकर खेतों में जा घुसा और आंखो से ओझल हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक सप्ताह पहले भी गांव के जंगल में आबादी के निकट तेंदुआ दिखाई दे चुका है। लेकिन, वन विभाग की टीम ने कोई भी ठोस कार्रवाई नहीं की है। वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह का कहना है कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। जो ग्रामीणों के साथ जंगल में कांबिंग कर रहे हैं। वहीं, उच्चाधिकारियों को भी इस बारे में अवगत कराया गया है। आवश्यकता पड़ने पर पिंजरा भी लगवाया जाएगा।