हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व पर बृहस्पतिवार की सुबह से ही गंगानगरी के साथ-साथ पुष्पावती पूठ और लठीरा के तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई। ब्रह्म मुहूर्त आरंभ होते ही भक्तों ने आस्था की डुबकी लगाना आरंभ कर दिया। गंगा स्नान का सिलसिला लगातार जारी है। गंगा के घाट हर-हर गंगे, जय मां गंगे के घोष से गूंज रहे हैं। गंगानगरी में श्रद्धालुओं का आगमन बुधवार से ही जारी है। जिनकी संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। वहीं, पुलिस-प्रशासन और पालिका भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर लगातार काम कर रही है। गंगा स्नान के अलावा श्रद्धालु मां गंगा का पूजन और नवजात शिशुओं का मुंडन संस्कार भी करा रहे है।