सोमवार की देर रात को थाना पुलिस की वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाश से मुठभेड़ हो गई। जिसमें गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। घायल आरोपी गोकशी, मादक पदार्थ समेत अन्य अपराधिक घटनाओं में कई बार जेल जा चुका है। जिस पर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि सोमवार की रात को सिंभावली पुलिस थाना क्षेत्र में बड्ढा नहर पुलिया के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गांव नयाबांस की तरफ से बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया, जिसे रोकने की कोशिश की गई, तो आरोपी ने बाइक मोड़ कर भागने की कोशिश की। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया। अपने आप को घिरता देख कर बदमाश ने तमंचे से पुलिसकर्मियों पर फायर कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम की फायरिंग से पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश गुल्लू निवासी गांव शेखपुरा थाना धौलाना निवासी है। आरोपी पूर्व में भी गोकशी, मादक पदार्थ की सप्लाई समेत अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। वह 20 हजार रुपये का इनामी है। जिसके पास से बाइक, तमंचा, कारतूस बरामद हुए हैं। घायल का उपचार कराया जा रहा है।