पिलखुवा। भाकियू (टिकैत) गुट के कार्यकर्ताओं ने अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) मनीष कुमार यादव पर गाली-गलौज एवं कार्यालय से धक्का देकर बाहर निकालने का आरोप लगाते हुए कार्यालय के बाहर धरना दिया। सीओ अनीता चौहान और एसएचओ रघुराज सिंह के समझाने बुझाने और एक्सईएन के माफी मांगने पर धरना समाप्त कर दिया गया।
धौलाना ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि ऊर्जा निगम कर्मियों ने साल 2019 में आजमपुर दहपा निवासी कार्यकर्ता साबिर के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसडीओ की जांच में मामला फर्जी पाए जाने पर एक्सईएन ने निरस्त कराने का आश्वासन दिया। मंगलवार शाम करीब साढ़े तीन बजे साबिर इस मामले की जानकारी लेने कार्यालय गए थे, आरोप है कि एक्सईएन ने मामले की फाइल कोर्ट में चला जाना बताते हुए गाली-गलौज करते हुए धक्का देकर कार्यालय से बाहर निकाल दिया। इसके बाद ब्लॉक अध्यक्ष ने मामले की जानकारी संगठन पदाधिकारियों को देकर कार्यकर्ताओं को मौके पर बुलाया और धरने पर बैठ गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सीओ अनीता चौहान और एसएचओ रघुराज सिंह ने किसानों को समझा-बुझाकर धरना समाप्त कराया। धरना देने वालों में नौशाद, शेखर, मनोज, कुवर खुर्सीद, बलवीर, मदन, इजराइल समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एक्सईएन मनीष कुमार यादव का कहना है कि ब्लॉक अध्यक्ष के कार्यालय में आने के समय वीसी चल रही है, उनसे बैठने का आग्रह किया था, धक्का देकर बाहर निकालने और गाली-गलौज करने के आरोप निराधार हैं। कार्यालय में सीसीटीबी कैमरे लगे हैं।