गोंडा के करनैलगंज कोतवाली के पतिसा गांव के पास सरयू नहर पर बने पुल की टूटी रेलिंग एक व्यक्ति की जान ले गई। बृहस्पतिवार रात बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे नहर में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को हुई, जिसके बाद लोगों की भीड़ जुट गई। उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के धमरैया निवासी महेश शुक्ला बृहस्पतिवार शाम खरथरी के मगराईचपुरवा अपने ससुराल आए थे। रात करीब आठ बजे वह ससुराल से पतिसा की ओर चाय पीने के लिए निकले थे। रास्ते में सरयू नहर पर पुल की रेलिंग टूटी होने के कारण उनकी बाइक सीधे नीचे जा गिरी। अंधेरा होने की वजह से किसी को घटना की भनक नहीं लगी और वह पूरी रात नहर में ही पड़े रहे। उधर, देर रात तक घर न लौटने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने नहर में शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने नहर विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पुलिया की रेलिंग सही होती तो यह हादसा टल सकता था। ग्रामीणों ने भी क्षतिग्रस्त रेलिंग को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।