मुजेहना (गोंडा)। प्रसाद लेकर घर लौट रही एक सात वर्षीय बालिका पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों के हमले में बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीर ने किसी तरह कुत्तों को खदेड़कर उसकी जान बचाई। बाद में परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। नगर पंचायत धानेपुर के गोरथनिया मोहल्ले की निवासी देवांशी (7) पुत्री नानबाबू यादव गांव में आयोजित सत्यनारायण कथा में शामिल होने गई थी। कथा समाप्त होने के बाद वह प्रसाद लेकर अकेले घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में कुत्तों के झुंड ने उसे अकेला पाकर हमला कर दिया और नोचने लगे, जिससे उसके कपड़े भी फट गए और वह लहूलुहान हो गई। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने बालिका को कुत्तों के हमले में फंसा देखा। उसने ईंट-पत्थर फेंककर किसी तरह कुत्तों को भगाया और बालिका को बचाया। इसके बाद उसने गांव जाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल बालिका को तुरंत सीएचसी मुजेहना ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में भी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। उल्लेखनीय है कि करीब एक पखवाड़ा पहले ही नगर पंचायत धानेपुर के टहलुवन पुरवा गांव में शौच के लिए गई मासूम मुस्कान को भी कुत्तों ने नोचकर मार डाला था।