गोंडा जिले में बुधवार सुबह करीब 10 बजे से मौसम ने अचानक करवट ले ली। पहले ग्रामीण क्षेत्रों में शुरू हुई बारिश कुछ ही देर में शहर तक पहुंच गई। हल्की हवाओं के साथ हुई तेज बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। शहर में सुबह से रुक-रुककर तेज बारिश का दौर जारी है। अचानक हुई बारिश के कारण बाजार और सड़कों पर निकले लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में धान की रोपाई में जुटे किसानों के लिए यह बारिश किसी वरदान से कम नहीं रही। किसानों का कहना है कि बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी मिलने के कारण रोपाई का कार्य तेज हो सकेगा और सिंचाई पर होने वाला खर्च भी बचेगा। मौसम विभाग के अनुसार यह बारिश मानसून के सक्रिय होने का संकेत है। विभाग ने अगले कुछ घंटों तक जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में तेज बारिश और हल्की हवाएं चलने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने भी लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। पिछले 24 घंटों में जिले में लगभग 20 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गोंडा में मानसून ने प्रभावी दस्तक दे दी है और आगामी दिनों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।