ग्रामीणों ने बुधवार रात गोवंश को ले जाते समय कुछ लोगों को देखकर दौड़ा लिया। इसके बाद गोवंश को लेकर ग्रामीण छपिया थाना क्षेत्र की हथियागढ़ पुलिस चौकी पहुंच गए। ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने हथियागढ़ चौकी का घेराव करते हुए अयोध्या-गौरा मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। बाद में सीओ के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ। ग्रामीणों के अनुसार, रेहार टपाकी गांव के पास दो गायों को कुछ लोग ले जा रहे थे। ग्रामीणों और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी मौके से भाग गए। इसके बाद दो गायों को कब्जे में लेकर लोग हथियागढ़ चौकी पहुंचे और पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते अयोध्या-गौरा मार्ग पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी छपिया प्रबोध कुमार और क्षेत्राधिकारी उदित नारायण पालीवाल ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। बाद में मनकापुर के उप जिलाधिकारी अवनीश त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। हिंदू संगठन के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन उन्हें सौंपा। एसडीएम ने निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।