जिले में लोकसभा और विधानसभा की मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पूरा होने के बाद मंगलवार को मतदाताओं की कच्ची सूची जारी कर दी गई। सूची में 11.45 लाख पुरुष, 9.36 लाख महिला और 49 थर्ड जेंडर मतदाताओं के नाम शामिल हैं। शहर स्थित एलबीएस कार्यालय में मतदाता अपने नाम को हटाने, शामिल करने या संशोधन कराने के लिए मतदाता पंजीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। डीएम प्रियंका निरंजन ने बताया कि बीते 28 अक्टूबर 2025 को जिले के मेहनौन, गोंडा, कटरा बाजार, करनैलगंज, तरबगंज, मनकापुर और गौरा समेत सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 25.52 लाख मतदाता पंजीकृत थे। एसआईआर के बाद छह जनवरी को प्रकाशित कच्ची सूची में महिला, पुरुष और थर्ड जेंडर मिलाकर कुल 20.82 लाख मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। मृत्यु, अनुपस्थिति, स्थानांतरण समेत अन्य कारणों से लगभग 4.69 लाख मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हो गए हैं। डीएम ने बताया कि अगर कोई पात्र मतदाता कच्ची सूची में छूट गया है या एक जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की न्यूनतम आयु पूरी कर चुका है, तो वह आगामी छह फरवरी तक फॉर्म-6 भरकर अपने नाम को शामिल करवा सकता है। मृतक, स्थानांतरित और डुप्लीकेट नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और सूची में अशुद्धियों को सुधारने के लिए फॉर्म-8 भरा जाएगा। बीएलओ दावे और आपत्तियों की जांच करके पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ेगा और अपात्रों को हटा दिया जाएगा।