करनैलगंज तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से लंबित शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की और सभी प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निपटाने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की प्रगति के बारे में जानकारी दी।