नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘‘ऑपरेशन दहन’’ अभियान के तहत जिले में बड़ी कार्रवाई की गई। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न मुकदमों से संबंधित करीब 15 क्विंटल 11 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों को मैजापुर चीनी मिल स्थित इन्सीनेटर में जलाकर नष्ट कर दिया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 41 करोड़ 60 लाख रुपये आंकी गई है। जिले के विभिन्न थानों में पंजीकृत एनडीपीएस एक्ट के कुल 898 मुकदमों से संबंधित जब्त मादक पदार्थों का विधिक प्रक्रिया के तहत विनिष्टीकरण कराया गया। पुलिस के अनुसार, विनिष्टीकरण के दौरान 1285.70 किलोग्राम गांजा, 52.57 किलोग्राम चरस, 0.878 किलोग्राम अफीम, 0.1136 किलोग्राम हेरोइन, 6.1186 किलोग्राम स्मैक, 0.045 किलोग्राम कोकीन, 95.71 किलोग्राम डोडा तथा 70.628 किलोग्राम अन्य मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। कुल 1511.763 किलोग्राम नशीले पदार्थों को सुरक्षा मानकों और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए जलाया गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई तथा संबंधित अभिलेखों का विधिवत संधारण भी सुनिश्चित किया गया।