गोंडा। प्रदेश के बाढ़ प्रभावित 18 अतिसंवेदनशील जिलों में संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक शुरू हुई। प्रमुख सचिव राजस्व अपर्णा यू की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न जिलों की तैयारियों का बिंदुवार आकलन किया जा रहा है। बैठक में देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, बलरामपुर के जिलाधिकारी विपिन चंद्र जैन समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। अन्य बाढ़ प्रभावित जिलों के अधिकारी ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से बैठक में भाग ले रहे हैं। समीक्षा के दौरान तटबंधों की सुरक्षा, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियां, बाढ़ चौकियों की सक्रियता, नावों की उपलब्धता, राहत शिविरों की व्यवस्था, खाद्यान्न, पेयजल, दवाओं, पशुचारे तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता का आकलन किया जा रहा है। इसके अलावा राजस्व, सिंचाई, पुलिस, स्वास्थ्य, पशुपालन, खाद्य एवं रसद समेत विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की रणनीति पर भी चर्चा हो रही है। शासन के निर्देश पर आयोजित इस बैठक में बाढ़ पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा के साथ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि संभावित बाढ़ की स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके।