गोंडा में मंगलवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। कई दिनों से खिली धूप के बाद सुबह से ही आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया। देखते ही देखते ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई। मौसम में आए इस बदलाव से आमजन को जहां सर्दी का एहसास बढ़ गया, वहीं किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। खेतों में खड़ी गेहूं, सरसों और सब्जी की फसलों के लिए यह बारिश काफी फायदेमंद मानी जा रही है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार इस समय हल्की नमी फसलों की बढ़वार के लिए अनुकूल होती है। किसानों का कहना है कि यदि यही मौसम एक-दो दिन और बना रहा तो सिंचाई की जरूरत कम होगी और पैदावार बेहतर होने की उम्मीद बढ़ जाएगी। हालांकि तेज हवाओं को लेकर कुछ किसान सरसों की फसल गिरने की आशंका भी जता रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक बादल और बूंदाबांदी की स्थिति बनी रह सकती है। लोगों को बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।