गोंडा में स्वगणना की प्रक्रिया के बाद अब गुरुवार से जनगणना प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों का विवरण दर्ज करेंगे। इसके लिए जिलेभर में करीब 10 हजार कार्मिकों की तैनाती की गई है। प्रत्येक प्रगणक को 180 से 200 घरों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि जनगणना के पहले चरण में डोर-टू-डोर हाउस लिस्टिंग कराई जाएगी। प्रगणक परिवारों से आवश्यक जानकारी लेकर निर्धारित फार्म भरेंगे। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति का जहां निवास होगा, उसकी गणना वहीं पर की जाएगी। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि जनगणना कर्मियों को सही जानकारी उपलब्ध कराएं और प्रक्रिया में सहयोग करें। अधिकारियों के अनुसार जनगणना से संबंधित सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और कार्मिकों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया है।