गाजीपुर जिले के बरेसर थाना क्षेत्र के बरेसर बाजार में सोमवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक महिला मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को सुरक्षित नीचे उतारा और पूछताछ के लिए थाने ले गई। घटना के दौरान बाजार में लोगों की भीड़ जुटी रही। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि सोमवार करीब साढ़े तीन बजे खास बरेसर गांव निवासी शामा, पत्नी सुनील कुशवाहा, बाजार स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई थी। राहगीरों की नजर पड़ने पर लोगों की भीड़ जुट गई और करीब चार बजे पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही महिला स्वयं टॉवर से नीचे उतर आई, जिसके बाद उसे सुरक्षित थाने लाया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका पति करीब छह माह पहले रोजगार के लिए दुबई गया है। उसका आरोप है कि पति उससे फोन पर बात नहीं करता और न ही उसकी कोई जानकारी लेता है। इसी बात से क्षुब्ध होकर वह टॉवर पर चढ़ गई थी। उन्होंने बताया कि महिला से आवश्यक पूछताछ की गई है और उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार महिला की मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं बताई जा रही है। घटना के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं हुई।