सुभासपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बुधवार को एसपी कार्यालय परिसर में विवाद हो गया। इस दौरान एक महिला कांस्टेबल ने सुभासपा कार्यकर्ता को कथित रूप से 3–4 थप्पड़ जड़ दिए। जानकारी के अनुसार, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर के नेतृत्व में कार्यकर्ता पार्टी नेता शौकत अली के खिलाफ ज्ञापन देने एसपी कार्यालय पहुंचे थे। ज्ञापन देने के दौरान कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक महिला कांस्टेबल ने पीले गमछे में पहुंचे कार्यकर्ता को थप्पड़ मार दिया। अचानक हुई इस घटना से कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से ज्ञापन देने आए लोगों के साथ मारपीट करना निंदनीय है। सूचना पर मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने स्थिति को किसी तरह शांत कराया। खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक तहरीर नहीं दी गई थी।