उसिया गांव के मोती नगर में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। सड़क किनारे लगे 25 केवीए के ट्रांसफार्मर धमाके के साथ फट गया। इससे 4 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों के द्वारा आनन फानन में सभी घायलों को दिलदारनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में महताब खान पुत्र दाऊद, कृष्णा राजभर पुत्र गुड्डू राजभर, महताब खान पुत्र तउवाब खान और अदनान खान पुत्र खालिद खान शामिल हैं। सभी घायलों का दिलदारनगर के निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। घायलों में कृष्णा राजभर की हालत अधिक गंभीर होने के कारण उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही सेवराई एसडीएम लोकेश कुमार और जमानिया क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी ने दिलदारनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अशोक मिश्रा के साथ मौके का जायजा लिया। अधिकारियों ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचकर घायलों का हाल जाना और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वही ग्रामीणों ने बताया कि उसिया ग्राम सभा अंतर्गत मोतीनगर में 25 केवीए का ट्रांसफार्मर कई दिनों से जला हुआ था। जिसको बदलने के लिए आज टेंपो से दूसरा ट्रांसफार्मर आया था। पुराना ट्रांसफार्मर उतारकर नया लगाया गया और बिजली आपूर्ति शुरू करते ही उसमें तेज धमाका के साथ आग लग गया ट्रांसफार्मर का तेल पड़ने के कारण वहां मौजूद सभी लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इस संबंध में अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड चतुर्थ जमानिया गिरीश चंद्र ने बताया कि घटना संज्ञान में है। बिजली विभाग के बिना जानकारी के ही ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य किया जा रहा था जिससे यह घटना घटित हुई है। संबंधित जेई के द्वारा तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया है। आवश्यक अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। जांच कराई जा रही है कि किसके द्वारा ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया है।