भारतीय जनता पार्टी मुहम्मदाबाद का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को कोतवाली पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया कि तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है और महोबा के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी की है, जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है। भारतीय जनता पार्टी मुहम्मदाबाद देहात मंडल के महामंत्री हाटा ग्राम निवासी विशाल राय ने तहरीर देकर कहा कि सनातन धर्म भारत की प्राचीन संस्कृति और करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। इस प्रकार की टिप्पणी न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करती है बल्कि समाज में वैमनस्य फैलाने का भी प्रयास है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को संविधान और सामाजिक मर्यादाओं का पालन करते हुए बयान देना चाहिए। भाजपा नेता व ग्राम प्रधान मनीष जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसे किसी भी बयान का कड़ा विरोध करती है जो देश, धर्म और संवैधानिक पदों की गरिमा को ठेस पहुंचाने का कार्य करे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल विधिक कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी करने का साहस न कर सके। प्रतिनिधि मण्डल मे मुहम्मदाबाद देहात मण्डल के अध्यक्ष आलोक शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्यारेमोहन यादव, नोनहरा मण्डल के अध्यक्ष सुरेश गिरी, पूर्णेन्दु राय, कन्हैया गुप्ता आदि मौजूद रहे। कोतवाल विरेन्द्र प्रताप त्रिपाठी ने कहा कि तहरीर मिली है, विधिक कार्रवाई की जा रही है।