लखनऊ के चिनहट के मटियारी स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक का लॉकर काट करोड़ों रुपये के गहने और कीमती सामान पार करने वाले गिरोह के फरार सदस्य को पुलिस ने बुधवार को मदनपुरा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और 6830 रुपये नकदी बरामद हुआ। मुठभेड़ में ढेर साथी के साथ बिहार भाग रहा था। अपराध पर अंकुश एवं अपराधियों की धर-पकड़ को लेकर पुलिस क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि लखनऊ के चिनहट के मटियारी स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक का लॉकर काटकर चोरी करने का आरोपी मदनपुरा मोड़ पर मौजूद है और कहीं भागने के फिराक में है। जानकारी होते ही उपनिरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम मदनपुरा मोड़ के पास पहुंची और घेराबंदी करके आरोपी सीतापुर जनपद के सदरपुर थाना के पिपरपुरवा गांव निवासी विपिन कुमार वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है। मालूम हो कि गिरफ्तार विपिन कुमार वर्मा मुठभेड़ में ढेर बिहार प्रांत के मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र के अमलिया गांव निवासी सन्नी दयाल के साथ बिहार भाग रहा था। आरोपी सन्नी दयाल के मुठभेड़ में घायल होने के बाद आरोपी विपिन कुमार वर्मा अंधेरे का लाभ उठाते हुए पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। प्रभारी निरीक्षक अशेष नाथ सिंह ने बताया कि लखनऊ में बैंक चोरी के मामले में आरोपी और मुठभेड़ में ढेर सन्नी दयाल के साथ बिहार भाग रहे आरोपी विपिन कुमार वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के साथ विधिक कार्रवाई की जा रही है।