फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghazipur News: गाजीपुर में बारिश का कहर, 450 साल पुराना शिव मंदिर धराशायी

Video Updated Tue, 07 Oct 2025 09:01 AM IST


गाजीपुर में तीन दिनों से जारी लगातार बारिश ने शहर की ऐतिहासिक धरोहरों को भी नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के राजागांधी की गढ़ी, जिसे किला कोहना के नाम से जाना जाता है, वहां स्थित लगभग 450 साल पुराना शिव मंदिर बारिश की मार झेल नहीं सका और बीती रात करीब साढ़े नौ बजे इसका आधा हिस्सा ढह गया। बताया जा रहा है कि मंदिर के नव-निर्माण कार्य के दौरान यह हादसा हुआ।

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, मंदिर का हिस्सा गिरते ही वहां मौजूद दो लोगों ने गंगा में कूदकर अपनी जान बचाई। अब मंदिर का आधा ढांचा गंगा की धारा में समा चुका है, जबकि घंटा और शिखर नदी किनारे मलबे के साथ दिखाई दे रहे हैं।

मंदिर के पुजारी काशीदास, जो पिछले 30 वर्षों से इसकी देखभाल कर रहे हैं, ने बताया कि लगातार बारिश से मंदिर के नीचे की मिट्टी खिसक गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद प्रशासन ने रामगंगा घाट को पूरी तरह बंद कर दिया है, साथ ही सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती और बैरिकेडिंग की गई है।

रामगंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, लेकिन माहौल गमगीन है। माना जाता है कि भगवान राम और लक्ष्मण ने इसी घाट पर स्नान किया था, जिसके चलते इसका नाम रामगंगा घाट पड़ा। कहा जाता है कि गंगा पार ताड़ी घाट पर भगवान राम ने ताड़का का वध किया था।

अब इस ऐतिहासिक स्थल पर बारिश के चलते खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। प्रशासन ने संरचना के संरक्षण और आगे की कार्रवाई के लिए पुरातत्व विभाग से रिपोर्ट मांगी है, ताकि इस धरोहर को सुरक्षित रखा जा सके।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें