फिरोजाबाद में शनिवार को मौसम का कड़ा मिजाज देखने को मिला। पूरा क्षेत्र घने कोहरे की चपेट में रहा, जिससे दृश्यता (विजिबिलिटी) घटकर महज 5 से 10 मीटर रह गई। इस कारण सड़कों पर वाहनों के पहिए थम गए और लोग कड़ाके की ठंड से बचने के लिए अलाव व गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। कोहरे का सबसे ज्यादा असर आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे और लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर दिखा। कम दृश्यता के कारण वाहन चालक हेडलाइट और इंडिकेटर जलाकर रेंगने को मजबूर हुए। सुरक्षा के मद्देनजर कई भारी वाहनों को चालकों ने हाईवे के किनारे ही खड़ा कर दिया। सुबह 10 बजे के बाद सूरज निकलने पर धुंध कुछ कम हुई, लेकिन सर्द हवाओं ने धूप की गर्माहट को बेअसर बनाए रखा।