फिरोजाबाद के नारखी क्षेत्र के गांव गढ़ी एवरन के लोग पिछले दो महीने से बिजली संकट से जूझ रहे हैं। दिवाली से गांव में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है, जिससे स्थानीय निवासियों का धैर्य अब जवाब दे रहा है। सोमवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बिजली घर का घेराव कर धरना देंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि बीते दो माह में गांव में 4 से 5 ट्रांसफार्मर बदले जा चुके हैं। बिजली विभाग कथित तौर पर रिपेयर किए हुए पुराने ट्रांसफार्मर भेज देता है, जो 15 से 20 दिन भी नहीं चल पाते और दोबारा फुंक जाते हैं। बिजली न होने के कारण गांव में पानी की समस्या है। ग्रामीण अन्य क्षेत्रों या ट्यूबवेल के ट्रांसफार्मर से जैसे-तैसे बिजली खींचकर गुजारा करने को मजबूर हैं। पानी के अभाव में पशुओं और आम जनमानस को प्यासा रहना पड़ रहा है। अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। ग्रामीण गोविंद कुमार ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली बहाल नहीं की गई, तो ग्रामीण बिजली घर पर जाकर उग्र प्रदर्शन और धरना देने को बाध्य होंगे।