दिल्ली में पुलिसकर्मी से सरकारी पिस्टल छीनकर भागने वाले 50 हजार के इनामी बदमाश और पुलिस के बीच शुक्रवार को टूंडला क्षेत्र में मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में बदमाश ने दिल्ली पुलिस के आईपीएस और एक इंस्पेक्टर को निशाना बनाकर सीधी फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोलियां आईपीएस मेलविन वर्गिस और निरीक्षक रामकुमार की बुलेट प्रूफ जैकेट में जाकर धंस गईं। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के दोनों पैरों में गोलियां लगने पर उसे दबोचा गया।