उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कानपुर की टीम को सलावत खां नाले का पानी गंगा की ओर जाता मिला। टीम ने तैनात कर्मियों से जानकारी हासिल कर विभागीय अफसरों से बात की और छपाई कारखानों की जांच की। जटवारा जदीद में एक घर के सामने छपाई के बाद कपड़े सूखते मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। प्रयागराज में महाकुंभ और मेला रामनगरिया में भक्तों को शुद्ध जल मुहैया कराने की मंशा से शासन के आदेशों को संबंधित विभाग हवा में उड़ा रहे हैं। अभी तक नालों को पूरी तरह टेप नहीं किया जा सका। सलावत खां स्थित नाले का पानी गंगा की ओर छोड़ा जा रहा है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक पर्यावरण अभियंता फरेश कुमार, अवर अभियंता दीपक कुमार प्रसाद और जूनियर लैब असिस्टेंट प्रसून पाल दोपहर करीब दो बजे सलावत खां नाले पर पहुंचे। उस समय पानी के टेप करने के स्थल पर पश्चिम की ओर लगे एक मोटे पाइप से बड़ी मात्रा में पानी गंगा की ओर जाता मिला। वहां तैनात सफाई कर्मियों से जानकारी हासिल की। सहायक पर्यावरण अभियंता ने विभाग के जिम्मेदार अफसरों को भी जानकारी दी। कहा कि यदि इसे बंद नहीं किया गया, तो वह कार्रवाई के लिए लिखेंगे।