फर्रुखाबाद शहर के सेंट्रल जेल चौराहे के पास अवैध रूप से संचालित सन लाइब्रेरी सेल्फ स्टडी पॉइंट कोचिंग के गेट पर शनिवार दोपहर करीब तीन बजे हुए भीषण धमाके में दो छात्रों मौत हो गई। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि घटनास्थल पर धुएं का गुबार कई फीट तक छा गया। कोचिंग में पढ़ रहे सात छात्र-छात्राएं इसकी चपेट में आ गए। घटनास्थल पर आ रही बारूद की दुर्गंध अवैध पटाखा भंडारण की ओर इशारा कर रही है। वहीं अधिकारी कोचिंग सेंटर के गेट के पास बेसमेंट में बने सीवर टैंक में मीथेन गैस के रिसाव को विस्फोट की वजह मान रहे हैं। देर शाम लखनऊ से पहुंची एटीएस टीम ने घायलों से बात की और घटनास्थल की जांच की।
सन लाइब्रेरी सेल्फ स्टडी पॉइंट के दो मंजिला भवन में शनिवार दोपहर 50 से अधिक छात्र-छात्राएं कोचिंग पढ़ रहे थे। इसी दौरान गेट के पास भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि इमारत की दीवारों का मलबा 50 मीटर दूर तक बिखर गया। वहीं धमाके के बाद कुछ ईंटें 200 मीटर तक दूर जा गिरीं। हादसे के बाद पहुंची आईटीआई और सेंट्रल जेल चौकी पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से घायलों को लोहिया व अन्य अस्पतालों में भेजा। एक गंभीर घायल को कानपुर रेफर किया। एक छात्र आकाश कश्यप (22) का शव घटनास्थल से 50 मीटर दूर एक गड्ढे में मिला। धमाके से आकाश के चीथड़े उड़ गए थे। वहीं दूसरे छात्र आकाश सक्सेना (24) का खून से लथपथ शव कोचिंग सेंटर के बाहर पड़ा मिला।
दमकल प्रभारी आशीष वर्मा ने बताया कि इमारत के बेसमेंट में सीवर टैंक है। वहीं सबमर्सिबल का स्विच बोर्ड भी है। आशंका है कि टैंक से मीथेन गैस का रिसाव हुआ। स्विच बोर्ड में स्पार्किंग से आग लगी और गैस का धमाका हुआ। डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्राथमिक जांच में धमाका बेसमेंट में बने सीवर टैंक में बनी मीथेन गैस के रिसाव से हुआ प्रतीत हो रहा है.