एटा के अलीगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम विजैदपुर में प्रशासन ने बंजर की भूमि से अवैध कब्जा हटाकर बड़ी कार्रवाई की है। उप जिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता के निर्देश एवं नेतृत्व में गठित राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर गाटा संख्या 20, रकबा 0.480 हेक्टेयर भूमि को कब्जा मुक्त कराया। इस दौरान खेत में अवैध रूप से खड़ी तंबाकू की फसल को भी नष्ट कराया गया। प्रशासन को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि ग्राम विजैदपुर स्थित बंजर भूमि पर अवैध रूप से खेती की जा रही है। शिकायत की जांच के बाद उप जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके क्रम में नायब तहसीलदार हिमांशु पांडेय, लेखपाल सुखवीर तथा राजस्व टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार कब्जा हटाने की प्रक्रिया पूरी की। कार्रवाई के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान कर भूमि को बंजर घोषित किया गया। इसके बाद जेसीबी व श्रमिकों की मदद से खेत में खड़ी तंबाकू की फसल को नष्ट कराया गया। कब्जा मुक्त कराई गई भूमि को ग्राम प्रधान के सुपुर्द कर दिया गया, ताकि भविष्य में इसका उपयोग सार्वजनिक हित में किया जा सके।