एटा के मारहरा में हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से मोहल्ला चौबदार में स्थित एक गोदाम की छत भरभराकर गिर गई। गोदाम में रखे बिस्कुट, टॉफी, तेल, नमकीन आदि सभी खाने-पीने की वस्तुएं मलबे के नीचे दब गईं। गोदाम के मालिक विकार अंसारी का अनुमानित हजारों का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई, वरना बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। कस्बे के लोगों ने बताया कि लगातार हुई बारिश के कारण पूरे कस्बे की नालियों और सड़कों पर पानी और कीचड़ भर गया, जिससे लोगों को निकलने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।