एटा के जलेसर-रजावली मार्ग पर बालगढ़ी के समीप बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की माैत हो गई। घायल स्काॅर्पियो चालक ने इलाज के दाैरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है। बुधवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार जलेसर से रजावली की ओर जा रही थी। बालगढ़ी के पास अचानक सड़क पर पैदल चल रहे एक राहगीर को बचाने के प्रयास में चालक कार पर से नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू कार ने पैदल यात्री और सामने से आ रही एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार और बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में अब तक चार लोगों की माैत हो चुकी है। हादसे के तुरंत बाद राहगीर दिगंबर और बाइक सवार बबलू व रचना की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल कार चालक सतेंद्र को बेहतर इलाज के लिए आगरा के हायर सेंटर रेफर किया गया था, जहां बुधवार देर रात उसने भी दम तोड़ दिया। मृतक दिगंबर के पुत्र राहुल प्रताप सिंह ने बताया कि उनके पिता खेतों से काम कर पैदल घर लौट रहे थे, तभी काल बनी स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। वहीं, मृतका रचना के पति निहाल सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी अपने मकान मालिक के साथ गांव आ रही थी। सतेंद्र की मौत की खबर जैसे ही उसके गांव नगला पार पहुंची, वहां मातम पसर गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया। पुलिस ने गुरुवार को सतेंद्र के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।