एटा। थाना बागवाला के गांव कनिकपुर में एक महिला की छत से गिरकर मौत हो गई। पुत्र ने बताया कि मां छत पर रखे हुए उपलों को बूंदाबांदी से बचाने के लिए ढकने गई थी। पैर फिसलने से नीचे गिर गई। इसके अलावा एक बालक सहित दो लोग छत से गिरकर घायल हो गए।
गांव कनिकपुर निवासी श्रीकृष्ण ने बताया कि उनकी मां भगवती देवी (70) सोमवार की देर शाम घर में बैठी हुई थीं। तभी अचानक से मौसम बदला और बूंदाबांदी होने लगी। बरसात बढ़ती देखकर मां छत पर चली गईं और वहां रखे हुए उपलों को ढकने का प्रयास करने लगी। किसी तरह से बूंदाबांदी के बीच उनका पैर फिसल गया और वह सीधी नीचे आंगन में आकर गिरीं। तेज आवाज सुनकर हम लोग आंगन में पहुंचे, तो देखा मां गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
परिजन उनको लेकर मेडिकल कॉलेज में पहुंचे, यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए आगरा के लिए रेफर कर दिया। मगर एंबुलेंस में बिठाते समय ही उनकी सांस थम गई। परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना ही घर ले गए। उधर, गांव नेचना थाना जैथरा निवासी विक्रम सिंह ने बताया कि उनका 8 वर्षीय पुत्र अभिषेक छत पर खेल रहा था पैर में चलने से नीचे गिर गया और घायल हो गया। कोतवाली नगर के शांति नगर निवासी मुनेंद्र प्रताप का छत से उतरते समय सीढ़ियों पर पैर फिसल गया। दोनों ही घायलों का मेडिकल कॉलेज में ही उपचार चल रहा है।
महंगापुर के श्री गुरु तेग बहादुर स्कूल में कबड्डी में प्रतिभाग करते स्कूली बच्चे। संवाद