चंदौली जिले के धानापुर विकासखंड के मुरलीपुरा विरासराय गांव में मंगलवार के दिन बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर को महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि गांव में आज तक नाली, सड़क, आवास और वृद्धा पेंशन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव की गलियों में न तो पक्की सड़क है और न ही जलनिकासी की समुचित व्यवस्था, जिससे बरसात के मौसम में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, पात्र लाभार्थियों को आवास योजना और वृद्धा पेंशन का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। प्रदर्शन के दौरान जब महिलाओं ने ग्राम प्रधान से इस संबंध में सवाल किया तो ग्राम प्रधान ने कथित तौर पर कहा कि “यहां से मुझे वोट नहीं मिले हैं, इसलिए पहले उन जगहों पर विकास कराया जाएगा, जहां से वोट मिले हैं।” प्रधान के इस बयान से महिलाओं में और अधिक आक्रोश फैल गया। प्रदर्शन में सरिता देवी, नीतू, रीता, पूनम, अनीता, पुष्पा सहित करीब दर्जन भर महिलाएं मौजूद रहीं। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगी।