पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत दुलहीपुर में मंगलवार की रात क्रिकेट मैच में गेंदबाजी करने को लेकर विवाद हो गया और खिलाड़ियों के बीच बैट और विकेट चलने लगे। मारपीट में महाबलपुर निवासी बहादुर चौहान (25) गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे पीडीडीयू नगर स्थित राजकीय महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बहादुर चौहान के परिवार वालों ने बताया कि खेल के दौरान गेंदबाजी करने को लेकर विवाद हो गया। बात बढ़ी तो दूसरे पक्ष के युवकों ने बैट और विकेट से बहादुर पर हमला बोल दिया। इस हमले में बहादुर के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। घायल को राजकीय महिला चिकित्सालय लाया गया। यहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एसके चतुर्वेदी ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उसकी हालत गंभीर होने पर जिलाअस्पताल रेफर कर दिया। मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि क्रिकेट खेलने के दौरान बच्चों में कहासुनी हुई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।