ताराजीवनपुर क्षेत्र के कोरी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के परिसर में चल रहे वॉलीबॉल व कबड्डी प्रतियोगिता के तीसरे दिन शुक्रवार को नई बाजार और बाबतपुर के बीच वॉलीबॉल का मैच खेला गया। इसमें नई बाजार की टीम 4-3 से विजयी रही। मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान विवेक सिंह बुद्धन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता का दूसरा मैच परोरवा व धनउर के बीच खेला गया। इसमें परोरवा की टीम 2-1 से विजयी रही। वहीं जेडी पब्लिक स्कूल और कैमूर बिहार के बीच कबड्डी का मैच खेला गया। इसमें जेडी पब्लिक स्कूल विजयी रही। मुख्य अतिथि ने कहा कि ग्रामीण अंचल में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करने से परंपरागत और भारतीय खेल को बढ़ावा मिल रहा है। इससे होनहार खिलाड़ी निकल कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम और देश का नाम रोशन करते हैं। इस मौके पर सूबेदार सिंह, कमेटी के अध्यक्ष बृजेश यादव, विपिन मिश्रा, निखिल पांडेय, आशु सिंह सहित अन्य खेल प्रेमी रहे।